दरभंगा, मई 27 -- बिहार में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बुधवार की सुबह दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ जाँच की बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ईओयू की टीम ने डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में बुधवार को बीडीओ के छह अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केवटी प्रखंड मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास, दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित निजी आवास, मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित पैतृक आवास, सीतामढ़ी स्थित ससुराल समेत कई अन्य स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है।
बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सत्यापन के दौरान बीडीओ चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में उनके पास 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 81.03 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।
केवटी मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईओयू के अधिकारी दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य अभिलेखों की गहन जांच कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित