दरभंगा , मई 19 -- बिहार में दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने मंगलवार की सुबह पत्नी समेत तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के पतोर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपट्टी गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित व्यक्ति ने खुद को भी घायल कर लिया। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिला अंतर्गत कुंडी थाना क्षेत्र निवासी संदीप दास की पत्नी फूल कुमारी दास (30), पुत्र ह्रदय दास (07), पुत्री संध्या दास (06) तथा पुत्र सोन दास (05) के रूप में हुई है।

सूत्रों ने बताया कि संदीप दास अपनी पत्नी और बच्चों के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अहले सुबह विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर संदीप ने डंडा और लोहे की रॉड से पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में फूल कुमारी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को पुलिस ने इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ( डीएमसीएच) में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी।।घटना के बाद आरोपित संदीप दास ने खुद को भी घायल कर लिया। उसे पुलिस ने इलाज के लिये डीएमसीएच में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित