दरभंगा , जून 03 -- बिहार में दरभंगा जिले में मद्य निषेध विभाग की टीम ने एक कूरियर कंपनी के गोदाम से 505.170 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त,प्रदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि नियमित गश्ती एवं वाहन जांच अभियान के दौरान मब्बी थाना क्षेत्र के मधपुर स्थित डीटीडीसी कुरियर कंपनी के गोदाम की सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान हरे रंग के 40 टिन के कंटेनरों में लकड़ी के बुरादे के बीच अत्यंत सुनियोजित तरीके से छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब बरामद की गई।उन्होंने बताया कि बरामद शराब बोतलों और टेट्रा पैक के रूप में कुल 505.170 लीटर है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शराब की खेप कुरियर पार्सल के माध्यम से बिहार मंगाकर अवैध रूप से खपाने की साजिश रची गई थी।
सहायक आयुक्त ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मद्य निषेध विभाग ने तत्काल अनुसंधान शुरू किया। उन्होंने बताया कि कूरियर कंपनी के सहयोग से पार्सल के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की गई। तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर शराब मंगाने वाले मुख्य अभियुक्त की पहचान मधुबनी जिले के पतौना थाना क्षेत्र निवासी के रूप में की गई।इसके बाद दरभंगा मद्य निषेध टीम ने बेनीपट्टी मद्य निषेध थाना, मधुबनी के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान मुख्य अभियुक्त सहित उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस प्रकार शराब बरामदगी के महज 24 घंटे के अन्दर पूरे मामले का सफल उद्भेदन करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभिक्तों में मधुबनी जिला के पतौना थाना क्षेत्र के परसौनी गांव निवासी सोहन शाह रधेपुरा गांव निवासी रितेश पासवान एवं गुड्डू पासवान शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी, आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है। विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से भेजी गई थी और इस अवैध कारोबार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है।
सहायक आयुक्त ने कहा कि राज्य में शराबबंदी कानून के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शराब की तस्करी, भंडारण और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित