दरभंगा , मार्च 14 -- बिहार के दरभंगा में पुलिस ने शुक्रवार को एक ट्रक के साथ भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त किया है।

फेकला के थानाध्यक्ष वशिष्ठ कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर आगामी ईद और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने एवं अवैध शराब निर्माण, भंडारण, सेवन और परिवहन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आज छपराड़ चौर के समीप विदेशी शराब लदा एक ट्रक जप्त किया गया है।

श्री कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में एक शराब लदे ट्रक आने की सूचना मिली थी, जिसके तहत घेराबंदी करने पर ग्राम छपरार चौर के समीप एक ट्रक से कुल-1564.92 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश के निबंधन वाले इस ट्रक से जांच के बाद 175 कार्टून विदेशी शराब जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि ट्रक का चालक एवं शराब तस्कर फरार हो गया। ट्रक पर अंकित निबंधन संख्या के आधार पर ट्रक मालिक एवं इस कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित