भिंड , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ अपने फोटो और वीडियो वायरल करने के बाद पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक द्वारा फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप स्टेटस पर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो अपलोड किए गए हैं जो तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि यह फोटो-वीडियो कब और किस समय के हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित युवक देहात थाना क्षेत्र के बिजपुरी गांव का निवासी बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि युवक का गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद भी चल रहा है। करीब एक साल पहले उसने अपने विरोधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। अब एक बार फिर युवक द्वारा हथियारों के साथ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर दबंगई दिखाने और विरोधियों को अप्रत्यक्ष रूप से धमकाने की कोशिश की जा रही है।

जिले में इन दिनों युवाओं के बीच अवैध हथियार रखने और उनके साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का चलन बढ़ता जा रहा है। ऐसे पोस्ट के जरिए कई युवक खुद को प्रभावशाली दिखाने के साथ-साथ विरोधियों पर दबाव बनाने का प्रयास करते हैं।

इस युवक का मामला सामने आते ही पुलिस सतर्क हो गई है। देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने आज यहां बताया कि वायरल फोटो-वीडियो की जांच की जा रही है। युवक की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा रहा है तथा जल्द ही उसे पकड़कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित