भोपाल , जुलाई 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए श्री आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने इस बार राज्य के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए श्री आशुतोष तिवारी के नाम पर सहमति व्यक्त की है। गौरतलब है कि इस सीट पर वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में श्री मिश्रा कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती से हार गये थे।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने पिछले दिनों 1998 के एक धोखाधड़ी मामले में श्री भारती को तीन वर्ष की सजा सुनाई थी, जिसके कारण उनकी विधानसभा की सदस्यता खत्म हो गयी थी। इस वजह से इस सीट पर उप चुनाव कराया जा रहा है।
डॉ. मिश्रा पिछले कुछ समय से दतिया क्षेत्र में चुनावी तैयारियों में जुटे हुए थे। उन्होंने विभिन्न सभाओं में मतदाताओं से संवाद किया तथा लोगों से समर्थन की अपील भी की थी। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था और शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चा थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया के तहत इस सीट के लिए अब तक 13 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, जिनमें से चार उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
भाजपा उम्मीदवार श्री तिवारी वर्तमान में प्रदेश भाजपा में प्रकोष्ठ प्रभारी का दायित्व संभाल रहे है। संघ पृष्ठभूमि से आने वाले श्री तिवारी इससे पहले भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री रह चुके हैं तथा मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त कर चुके हैं। दतिया विधानसभा सीट के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा और मतगणना तीन अगस्त को करायी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित