भोपाल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में उत्साह, जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ मतदान करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में मतदान कर दतिया की जनता ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था और विश्वास का परिचय दिया है।
श्री खण्डेलवाल ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में जनता की सक्रिय भागीदारी सबसे बड़ी शक्ति होती है और दतिया के मतदाताओं ने अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्वपूर्ण स्थान है और मतदाताओं ने जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपने विश्वास का संदेश दिया है।
उन्होंने युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि सभी वर्गों की सहभागिता लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि दतिया की जनता ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए मतदान किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसका निर्णय सर्वोच्च एवं सर्वमान्य होता है।
उन्होंने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित मतदान संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग, जिला निर्वाचन प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा बलों, मतदान दलों तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से मतदाताओं को निर्भीक और सहज वातावरण में मतदान का अवसर मिला।
श्री खण्डेलवाल ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और चुनाव अभियान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन करते हुए कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता ने अनुशासन और समर्पण के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित