दतिया , अगस्त 3 -- मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6056 मतों से पराजित कर सीट पर कब्जा बरकरार रखा। इस जीत के साथ कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार इस सीट पर भाजपा को शिकस्त दी।

मतगणना के दौरान शुरुआती रुझानों से ही कांग्रेस बढ़त बनाए रही। नौवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9519 मतों तक पहुंच गई थी। बाद के चरणों में भाजपा ने अंतर कम किया, लेकिन अंतिम परिणाम में घनश्याम सिंह ने 6056 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मतदान केंद्र क्रमांक 121 पर भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। इस बूथ पर कांग्रेस को 291 और भाजपा को 264 मत मिले, जिससे कांग्रेस को 27 मतों की बढ़त मिली।

जानकारी के अनुसार मतगणना के दौरान नौवें राउंड में ईवीएम रखने के स्थान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के अभिकर्ताओं के बीच कुछ देर नोकझोंक हुई, जिसे पुलिस ने हस्तक्षेप कर शांत कराया।

विजय के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि भीतरघात का कुछ असर जरूर पड़ा, लेकिन इससे परिणाम पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा। वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि परिणाम की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि "जो लोग भाजपा को अपनी मां कहते थे, उन्होंने ही धोखा दिया।"उधर भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जीत की खुशी में मिठाई बांटी गई। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने दतिया के मतदाताओं को बधाई देते हुए इसे कांग्रेस की नीतियों और जनता के विश्वास की जीत बताया।

उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक से जुड़े प्रकरण में दो वर्ष की सजा होने के बाद रिक्त हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7742 मतों से पराजित किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित