नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- कांग्रेस ने पीएम-दक्ष योजना लागू नहीं होने और आवंटित बजट खर्च नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वंचित वर्गों को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर देने के उद्देश्य से शुरु की गई इस योजना को मोदी सरकार ने कागजों तक सीमित कर दिया है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि दो साल से पीएम-दक्ष योजना लागू नहीं होने और पिछले वर्षों का आवंटित बजट खर्च नहीं होने से मोदी सरकार की एक और विफलता सामने आ गई है।

श्री रमेश ने कहा कि सरकार का काम बड़े-बड़े विज्ञापन देना, सुर्खियों में रहना और नतीजे देने में विफल रहना रह गया है। उन्होंने कहा कि जिस योजना का उद्देश्य वंचित वर्गों को कौशल, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर देना था उसे सरकार ने कागजों तक समेट दिया है।

कांग्रेस नेता ने कहा, "जो सरकार पीएम के नाम वाली दक्ष योजना को भी दक्षता से लागू नहीं कर सकती उस सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।"उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता की नजरों में उनकी सरकार विश्वास खो चुकी है और सरकार की "एक्सपायरी नजदीक है।"श्री रमेश ने सवाल किया कि मोदी सरकार कब तक जेन-जी के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती रहेगी। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सरकार अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग तथा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजातियों से 2024 के चुनाव में 240 सीटों पर सिमट जाने का बदला ले रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित