हरिद्वार , मई 22 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मात्र 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को को कनखल क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री दक्ष मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकली थी लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी सहायता के जरिए नाबालिग की लोकेशन ट्रेस की, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र में मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और चिन्हित स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपित भागने का प्रयास करते हुए गन्ने के खेतों की ओर निकल गए लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और घेराबंदी के चलते दोनों को मौके से पकड़ लिया गया। मौके पर मौजूद नाबालिग की पहचान कनखल क्षेत्र से लापता बालिका के रूप में की गई।

पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर सुरक्षित अभिरक्षा में लिया और आरोपितों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है । गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आर्यन कुन्नु पुत्र कंवरपाल, निवासी ग्राम हेवा, थाना छतरौली, जिला बागपत (उ.प्र.) और हर्षवर्धन पुत्र स्व. बाबूराम, निवासी ग्राम मुकुन्दपुर, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) के रूप मे हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित