चेन्नई , मई 30 -- दक्षिणी रेलवे के चेन्नई मंडल ने यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए पिछले वित्तीय वर्ष में 37 रेलवे स्टेशनों पर 81 वाटर वेंडिंग मशीन (डब्ल्यूवीएम) लगाया है जिससे रेल यात्रियों को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं किफायती पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।

इस पहल से पूरे डिवीजन में उपनगरीय, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के माध्यम से यात्रा करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी के यात्रियों को बहुत फायदा हुआ है। स्टेशन परिसर में किफायती दरों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराकर, डब्ल्यूवीएम ने यात्रियों की सुविधा को बढ़ावा दिया है और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाया है। इन्हें यात्रियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए स्टेशनों पर रणनीतिक रूप से स्थापित किया गया है।

रेलवे ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि यात्रा के दौरान यात्री आसानी से शुद्ध पेयजल प्राप्त कर सकते हैं जिससे पैकेटबंद पेयजल पर निर्भरता कम होगी और पुन: प्रयोज्य बोतलों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

डब्ल्यूवीएम को अराक्कोनम, तिरुनिनरावुर, पट्टाभिराम, विल्लीवक्कम, जोलारपेट्टई, काटपाडी जंक्शन, तांबरम, चेन्नई पार्क, चेन्नई किला, वाशरमैनपेट, पोन्नेरी, मिंजुर, तिरुवोट्टियूर, चेन्नई सेंट्रल, तिरुमायिलई, पार्क टाउन, चेपॉक, मूर मार्केट कॉम्प्लेक्स, बेसिन ब्रिज, व्यासरपाडी जीवा, पेरंबूर, कोराट्टूर, अंबत्तूर, अवाडी,तिरुवल्लूर, तिरुत्तानी और मंडल के कई अन्य स्टेशनों में स्थापित किया गया है। स्टेशनों पर स्थापित वाटर वेंडिंग मशीन द्वारा उपलब्ध होने वाले पानी की दर आधा लीटर बोतल के लिए पांच रुपये, एक लीटर बोतल के लिए आठ रुपये, दो लीटर बोतल के लिए 12 रुपये और पांच लीटर बोतल के लिए 25 रुपये है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि अगर उन्हें ज्यादा शुल्क वसूलने के संबंध में कोई शिकायत हो तो वे रेलमदद या रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध क्यूआर कोड आधारित शिकायत प्रणाली के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।

चेन्नई मंडल अपने पूरे नेटवर्क में यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं सुगम यात्रा प्रदान करने के उद्देश्य से यात्री-केंद्रित पहलों एवं अवसंरचना सुधार को प्राथमिकता दे रहा है। निकट भविष्य में ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डिवीजन के अन्य रेलवे स्टेशनों तक इसका विस्तार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित