चेन्नई , अप्रैल 29 -- दक्षिण रेलवे के चेन्नई मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान माल ढुलाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस अवधि में मंडल ने कुल 1,289.78 करोड़ रुपये का माल ढुलाई राजस्व दर्ज किया और यातायात की कई नई पहलों की शुरुआत की है।

रेलवे सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष के दौरान मंडल ने पहली बार चेन्नई हार्बर (जवाहर डॉक) से पोन्मलई (गोल्डन रॉक - बॉयलर प्लांट) तक स्टील पाइप की ढुलाई की, जो इसके माल ढुलाई पोर्टफोलियो में एक महत्वपूर्ण वृद्धि है।

पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए, मंडल ने इलेक्ट्रिक ऑटोमोबाइल का परिवहन शुरू किया है। इसके तहत मोंट्रा इलेक्ट्रिक ऑटो को ताडा से रंगपानी भेजा गया, जबकि महिंद्रा इलेक्ट्रिक ऑटो को जोलारपेट्टई से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सलचापरा और जिरानिया स्टेशनों तक पहुँचाया गया।

लॉजिस्टिक्स पोर्टफोलियो का और विस्तार करते हुए, कोरुक्कुपेट गुड्स शेड से नोली (दिल्ली मंडल) तक सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के लिए कंटेनर यातायात शुरू किया गया है।

चेन्नई मंडल ने यातायात के कुछ प्रमुख पुराने क्षेत्रों को भी सफलतापूर्वक पुनर्जीवित किया है। ट्रक-ऑन-ट्रेन (टीओटी) सेवाओं के तहत सिंगपेरुमलकोइल से फारुखनगर तक 430 ट्रकों का परिवहन किया गया।

इसके अलावा, कामराजर पोर्ट लिमिटेड साइडिंग से तोरणगल्लू और मेचेरी रोड जैसे गंतव्यों के लिए 14 महीने के अंतराल के बाद चूना पत्थर (लाइमस्टोन) का यातायात फिर से शुरू किया गया है।

माल ढुलाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए, चेन्नई मंडल ने पोन्नेरी के पास अनुपमपट्टू गांव में अपना दूसरा गति शक्ति मल्टी-मोडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) शुरू किया है। सिकल मल्टीमॉडल रेल ट्रांसपोर्ट लिमिटेड (प्रिस्टीन ग्रुप) द्वारा विकसित इस टर्मिनल से पहली रैक दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत महावीर फेरो अलॉयज प्राइवेट लिमिटेड के ग्रीनफील्ड प्राइवेट फ्रेट टर्मिनल तक भेजी गई, जिसने 1,389 किलोमीटर की दूरी तय की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित