पोर्ट विला , अक्टूबर 20 -- दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित द्वीपीय देश वानुआतु के तट पर मंगलवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.3 तीव्रता मापी गयी।अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि भूकंप का केंद्र पोर्ट ओलेरी गांव से लगभग 200 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में समुद्र के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (पीटीडब्ल्यूसी) के अनुसार, इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। राहत की बात यह है कि प्राथमिक रिपोर्टों में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

वानुआतु प्राकृतिक रूप से भूकंप के प्रति बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। यह देश 'रिंग ऑफ फायर' यानी प्रशांत महासागर के उस सक्रिय टेक्टोनिक बेल्ट पर स्थित है, जो दक्षिण-पूर्व एशिया से लेकर प्रशांत बेसिन तक फैला हुआ है और जहां अक्सर भूगर्भीय हलचलें होती रहती हैं एवं भूकंप आते रहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित