तेहरान , अक्टूबर 21 -- ईरान के दक्षिण-पूर्वी प्रांत सिस्तान और बलूचिस्तान में बुधवार तड़के एक शहर से दूसरे शहर को जोड़ने वाली सड़क पर कार और ट्रैक्टर के बीच टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने उत्तरी सिस्तान और बलूचिस्तान के यातायात पुलिस प्रमुख मेहदी खमार के हवाले से बुधवार को बताया कि यह हादसा स्थानीय समयानुसार आज तड़के हुआ।

श्री खमार ने बताया कि पीड़ित बिना वैध दस्तावेजों वाले विदेशी नागरिक थे, जो सभी कार में सवार थे। इनमें से आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौवें व्यक्ति ने अस्पताल ले जाए जाने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा से सटा सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत, ईरान में प्रवेश करने वाले अवैध प्रवासियों के लिए प्रमुख प्रवेश मार्ग है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित