नयी दिल्ली , जून 07 -- दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेज़ी से आगे बढ़ते हुए रविवार को पूरे नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे दी है।
मौसम विभाग द्वारा रविवार को जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के दौरान मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सात दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेंटीमीटर) होने के प्रबल आसार हैं। विशेष रूप से आठ से 10 जून के दौरान कर्नाटक के तटीय और आंतरिक हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर 'अत्यधिक भारी वर्षा' (20.4 सेंटीमीटर से अधिक) होने का रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बन सकती है।
इसके विपरीत, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण लू का प्रकोप बदस्तूर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 11 जून तक दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा जैसे राज्यों में तापमान के साथ-साथ अत्यधिक उमस और गर्म रातें लोगों को परेशान करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित