नयी दिल्ली , सितंबर 08 -- इंचियोन इंटरनेशनल एयरपोर्ट कॉर्पोरेशन (आईआईएसी) और विमान सेवा कंपनियों के सबसे बड़े वैश्विक संगठन स्टार अलायंस ने दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल स्थित इंचियोन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे टर्मिनल-1 पर स्टार अलायंस लाउंज बनाने के लिए मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।
भारत में एयर इंडिया स्टार अलायंस का सदस्य है। वह दिल्ली से इंचियोन के लिए वाइड-बॉडी बोइंग 787 विमानों से दो नॉन-स्टॉप उड़ानें संचालित करती है।
एयर इंडिया ने मंगलवार को बताया कि इस समझौते से स्टार अलायंस की सदस्य एयरलाइंस के यात्रियों को निर्बाध रूप से इंचियोन हवाई अड्डे पर लाउंज सेवा मिलती रहेगी। अभी दक्षिण कोरिया में एशियाना एयरलाइंस स्टार अलायंस का सदस्य है और सभी सदस्य एयरलाइंस के पात्र यात्री इंचियोन हवाई अड्डे पर उसी के लाउंज का उपयोग कर रहे हैं। उसका 16 दिसंबर 2026 को कोरियन एयर के साथ एकीकरण हो रहा है जिसके बाद वह स्टार अलायंस से अलग हो जायेगी। इसलिए इस एमओयू की जरूरत हुई।
करार के तहत, टर्मिनल-1 में मौजूद एशियाना एयरलाइंस बिजनेस लाउंज (वेस्ट) को स्टार अलायंस लाउंज में बदल दिया जाएगा। उम्मीद है कि यह लाउंज 16 दिसंबर से काम करना शुरू कर देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित