मोहाली , अक्टूबर 25 -- एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट-2026 में भाग लेने पहुंची दक्षिण कोरिया की पुरुष हॉकी टीम का रविवार को शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पंजाबी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। ढोल कीथाप, भांगड़े और रंग-बिरंगी फुलकारियों के साथ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का अभिनंदन किया गया।
इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छह टीमें पंजाब पहुंच गई हैं।
सत्ताइस अक्टूबर से पांच नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। पंजाब सरकार ने टीमों के ठहरने, परिवहन, सुरक्षा और अभ्यास के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
दक्षिण कोरियाई दल में 20 सदस्य शामिल हैं। टीम के गोलकीपर किम जेह्योन और सोन तेमिन सहित पार्क गनवू, जियोंग जुनसोंग, गो सोंग हुन, किम जेहो, सोन दैन, किम योंग बोक, चुन सेमिन, सोंग जियोंगसियोब, यू ह्योगुक, कोंग युनहो, ओम जुनयंग, क्वोन येचान, सोंग हेसियोंग, बे सोंगमिन, हान सांगजुन, किम देह्युन, चोई गाजिन और किम डोंगगन दल का हिस्साहैं।
सरकार की ओर से सभी टीमों के लिए बेहतर सुविधाएं और सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है। प्रतियोगिता में भारत, दक्षिण कोरिया, जापान, चीन, मलेशिया और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी।
जालंधर और मोहाली में इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन से पंजाब की हॉकी परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने और राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित