नयी दिल्ली , अगस्त 12 -- भारत और दक्षिणी अफ्रीकी देशों की कस्टम्स यूनियन (साकू) ने बुधवार को वरीयता आधारित व्यापार समझौते' (पीटीए) के लिए बातचीत की शर्तों पर हस्ताक्षर किये।
वाणिज्य मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह हस्ताक्षर भारत और बाकू के सदस्य देशों के बीच व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राजधानी में वाणिज्य भवन में आयोजित हस्ताक्षर समारोह के मौके पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और बाकू के बीच एक संतुलित, निष्पक्ष और न्यायपूर्ण व्यापार समझौते की वकालत की। उन्होंने जोर दिया कि यह साझेदारी बाजारों में विविधता लाने और दोनों पक्षों के लिए समृद्धि के अवसर पैदा करने में मदद कर सकती है।
श्री गोयल ने कहा कि भारत किफायती दवाएं उपलब्ध कराने और साकू क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर में नयी प्रतिभाओं के विकास में सहयोग करने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत साकू देशों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में मदद कर सकता है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि बातचीत में आठ अहम क्षेत्र को शामिल किया जायेगा जिनमें सामान का व्यापार, सामान के लिए मार्केट तक पहुंच और 'रूल्स ऑफ़ ओरिजिन' (उत्पत्ति के नियम) शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित