विंडहोक , सितंबर 13 -- ब्योर्न फोर्टेन (चार विकेट), वेना मफाका और ए पीटर (दो-दो विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में पहले बल्लेबाजी कर रही नामीबिया को 36.2 ओवरों में 156 रनों के स्कोर पर समेट दिया।

आज यहां नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 19 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गवां दिये। माइकल वैन लिंगेन (दो) और यान फ्रायलिंक (दो) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद ऐलेक्जेंडर बूजीग-फॉलशेंक और लॉरेन स्टीनकैंप की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी हुई। 21 ओवर में फोर्टेन ने लॉरेन स्टीनकैंप (23) रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसी ओवर में ऐलेक्जेंडर बूजीग-फॉलशेंक (31) रनआउट हो गये। 23वें ओवर में फोर्टेन ने जेरार्ड इरास्मस (तीन) रन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी आक्रमण के आगे ज़ेन ग्रीन (33) रन को छोड़कर नामीबिया का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। मैक्स हाइंगो (20) रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने इस दौरान छह गेंदों का सामना किया और दो चौके और दो छक्के लगाये। 37वें ओवर की दूसरी गेंद पर वेना मफाका ने जेन ग्रीन (33) रन को आउट कर नामीबिया की पारी का 156 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित