डरबन , अप्रैल 18 -- अयाबोंगा खाका (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद कप्तान लॉरा वुलफार्ट (51) और एनरी डकर्सन (नाबाद 44) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने पहले टी-20 मुकाबले में भारत को पांच गेंदें शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।

दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवराें में चार विकेट पर 158 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। कप्लान लॉरा वुलफार्ट ने 39 गेंदों में आठ चौके लगाते हुए (51) रनों की पारी खेली। सुने लूस (13) रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुई। दूसरा विकेट आठवें ओवर में तेजमिन ब्रिट्स (10) के रूप में गिरा। 14वें ओवर में श्रेयंका ने लॉरा वुलफार्ट को आउट किया। अन्नेका बोश (आठ) रन को अरुंधति रेड्डी ने पगबाधा आउट किया। एनरी डकर्स ने 34 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 44 रनों की पारी खेली। भारतीय टीम के लिए श्रेयंका पाटिल ने दो विकेट लिये। अरुंधति रेड्डी और श्रीचारणी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

शुक्रवार देर रात खेले गये मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 157 रनों का स्कोर बनाया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भारत के लिए 33 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए सर्वाधिक (नाबाद 47) रन बनाये। जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 29 गेंदों में (36), शेफाली वर्मा ने 20 गेंदों में (34) रनों की पारी खेली। स्मृति मंधाना ने (13) और काश्वी गौतम ने (10) रनों का योगदान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित