हैमिल्टन, मार्च 17 -- ताजमिन ब्रिट्स (53), कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट (नाबाद 41) की शानदार बल्लेबाजी के बाद अयाबोंगा खाका (चार विकेट) और एन म्लाबा (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने मंगलवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 18 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली हैं। आज यहां दक्षिण अफ्रीका की महिला ने टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 177 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सुने लुस और ताजमिन ब्रिट्स की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। सातवें ओवर में अमेलिया केर ने सुने लुस 21गेंदों में (31) को पगबाधा आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ताजमिन ब्रिट्स ने 43 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 53 रनों की पारी खेली। उन्हें 13वें ओवर में अमेलिया केर ने आउट किया। एनेरी डर्कसन (2), क्लो ट्रायॉन (2) और एन डीक्लर्क (चार) रन बनाकर आउट हुई। लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 33 गेंदों में चार चौके लगाते हुए नाबाद 41 रन बनाये। कायला रेनेके ने नौ गेंदों में दो चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 28 रन ठोके।

न्यूजीलैंड के लिए अमेलिया केर और जेस केर ने दो-दो विकेट लिये।

178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की महिला टीम को अयाबोंगा खाका की अगुवाई वाले दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने 19.1 ओवर में 159 रन पर ढेर कर मुकाबला 18 रनों से जीत लिया। न्यूजीलैंड के लिए कप्तान अमेलिया केर ने सर्वाधिक 32 रनों की पारी खेली। इजी शार्प (29), सोफी डिवाइन (25), मैडी ग्रीन (18), ब्रुक हॉलिडे (16) और जेस केर (14) रन बनाकर आउट हुई। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित