भिण्ड , सितंबर 21 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में बुढ़वा मंगल के अवसर पर 22 सितंबर को दंदरौआ धाम में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। धाम के आसपास पांच पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां करीब पांच से सात हजार वाहनों को खड़ा कराया जा सकेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए करीब 200 पुलिस जवान तैनात रहेंगे।
मंदिर परिसर, प्रवेश-निकासी मार्ग, पार्किंग और प्रमुख संपर्क मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ नियंत्रण के लिए दर्शन के प्रवेश और बाहर निकलने के रास्ते अलग रखे जाएंगे। धाम परिसर में मेडिकल टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी। मंदिर प्रबंधन और प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से संचालित करने की तैयारी की है। विशिष्ट लोगों के आवागमन और वाहन पार्किंग के लिए भी अलग व्यवस्था रहेगी।
दंदरौआ धाम के आसपास बनाए गए पार्किंग स्थलों पर निर्धारित रूट के अनुसार वाहनों को खड़ा कराया जाएगा। बड़े वाहनों को धाम के नजदीक जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर श्रद्धालुओं को आगे पैदल या छोटे वाहनों से जाने की व्यवस्था रहेगी। दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग बनाई गई है, ताकि बड़े और छोटे वाहनों के कारण जाम की स्थिति न बने।
ग्वालियर की ओर से आने वाले चार पहिया और बड़े वाहनों को गुलाब गेट मोड़ से घमौरी गांव के पास रोका जाएगा। यहां पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। दोपहिया वाहन करीब एक किलोमीटर दूर महाराजजी के खेत में बनाए गए पार्किंग स्थल पर खड़े कराए जाएंगे।
मेहगांव की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को अमायन मोड़ के पास रोका जाएगा और वहीं पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यहां से वाहनों को आगे धाम की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। मौ की ओर से आने वाले चार पहिया और बड़े वाहनों को घमौरी गांव के पास बनाए गए पार्किंग स्थल पर रोका जाएगा। यहां से श्रद्धालु निर्धारित रास्ते से दंदरौआ धाम पहुंचेंगे।
धाम की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। पार्किंग स्थलों से आगे बड़े वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पुलिसकर्मी प्रमुख मोड़ों और प्रवेश मार्गों पर तैनात रहकर वाहनों को निर्धारित दिशा में भेजेंगे। प्रशासन ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। भीड़ के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस या प्रशासन की टीम को तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित