कोरबा , सितंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग -130 पर गुरुवार देर शाम एक लोनार (दंतैल) हाथी के पहुंचने से करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। हाथी के सड़क पर डटे रहने और वाहनों की ओर बढ़ने से वाहन चालकों तथा राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
वन विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार मोरगा और चोटिया के बीच कपांनवापारा जंगल के पास शाम करीब 5 बजे हाथी अचानक मुख्य मार्ग पर आ गया। इसके बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
इस दौरान सड़क के बीच खड़े हाथी ने आसपास मौजूद वाहनों की ओर दौड़ लगाने का प्रयास किया। खतरे को देखते हुए कई वाहन चालक अपने वाहन पीछे कर सुरक्षित दूरी पर चले गए।
बताया गया है कि यह लोनार हाथी मरवाही वन परिक्षेत्र से कटघोरा वन मंडल में दाखिल हुआ है। हाथी द्वारा ग्रामीण इलाकों में कई घरों को तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाए जाने की भी जानकारी है, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित