दंतेवाड़ा , मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष और टंगिया भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना 20 फरवरी की शाम करीब छह बजे की है। प्रार्थी मोटू अकाली को गांव के ही घसियाराम मण्डावी, रतुराम मण्डावी, बेसेराम अलामी और टोटाराम अलामी ने सल्फी पीने के बहाने गुफा जंगल स्थित सल्फी पेड़ के पास बुलाया। वहां पुरानी रंजिश के चलते बेसेराम अलामी ने टंगिया से मोटू अकाली के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया, जब पीड़ित जान बचाकर भागने लगा तो आरोपियों ने पीछे से तीर चला दिया, जो उसके बाएं कान में लगा। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 02/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

एक मार्च को पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर लौट रही थी। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में तीन संदिग्ध व्यक्ति पुलिस पार्टी को देखकर छिपने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान घसियाराम मण्डावी (18 वर्ष), टोटाराम अलामी (25 वर्ष) और रतुराम मण्डावी (29 वर्ष) के रूप में बताई। तीनों मंगनार पदनारपारा के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टंगिया एवं तीर-धनुष को जंगल क्षेत्र पदनार नाला के पास छिपाए गए स्थान से बरामद किया है। पुलिस ने तीनों को उसी तारीख को रात साढ़े नौ बजे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तारी और विवेचना में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय उरसा, सउनि सत्यानंद हिरवानी, भूपेन्द्र नेगी, सोमन मरकाम, बीरबल नाग, प्रियांशु तिर्की, संजय पुजारी, खेमलाल बघेल, शिवशंकर नाग, आशिष नाग, लक्ष्मण कर्मा, आशाराम कर्मा, सामबत्ती कुंजाम और डीआरजी-20 बल की भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित