दंतेवाड़ा , जून 11 -- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फूलपाड़ में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में लगभग 450 से अधिक ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

जिला कांग्रेस संगठन ने आज यह जानकारी दी। फूलपाड़ में आयोजित कार्यक्रम में पीसीसी संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा, पीसीसी सदस्य एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश गौतम, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष शंकर कुंजाम तथा आदिवासी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देव सिंह ताती की उपस्थिति में ग्रामीण कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का गमछा पहनाकर स्वागत किया और उन्हें पार्टी की रीति-नीति तथा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर कांग्रेस में शामिल हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की कथनी और करनी में अंतर है तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र की समस्याओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि इसी कारण उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने का निर्णय लिया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि क्षेत्र में कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों का पार्टी में शामिल होना इसका प्रमाण है। कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित