दंतेवाड़ा , अप्रैल 25 -- छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक को लेकर हुए विवाद में मां की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आकांक्षा सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में कुआकोंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, ग्राम धनीकरका निवासी कौवा मरकाम ने 24 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 अप्रैल की रात वह अपनी पत्नी आयते मरकाम (53) और परिजनों के साथ घर के आंगन में बैठे थे। इसी दौरान उनका पुत्र बुधराम मरकाम अपनी बुआ के लिए झाड़-फूंक कर रहा था। मां द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपी गुस्से में आ गया और मारपीट करते हुए हंसिए से सीने पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे आयते मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 17/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर आरोपी बुधराम मरकाम (34) को 24 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 25 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित