दंतेवाड़ा , अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में केंद्रीय प्रभारी अधिकारी (सीपीओ) एवं सदस्य सचिव, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तरुण कुमार पिथोडे ने आज यहां आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जिले की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों से आगे बढ़कर नए मानक तय करने पर जोर दिया।

संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।

प्रस्तुति के दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की पहचान, पंजीयन, नियमित जांच, उच्च जोखिम मामलों के उपचार, टीकाकरण और टीबी नियंत्रण के लिए कॉल सेंटर आधारित निगरानी की जानकारी दी गई। साथ ही सुपोषण अभियान, आंगनबाड़ी सेवाओं और यूनिवर्सल एग पहल के माध्यम से कुपोषण में कमी लाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला गया।

शिक्षा क्षेत्र में ड्रॉपआउट बच्चों के पुनः नामांकन और विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया गया। कृषि क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई, बीज वितरण, ऋण सुविधा, पशुपालन और कृत्रिम गर्भाधान जैसे कार्यों की प्रगति भी साझा की गई। वहीं सड़क निर्माण, इंटरनेट कनेक्टिविटी, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और ग्रामीण आवास जैसी आधारभूत परियोजनाओं में प्रगति की जानकारी दी गई।

श्री पिथोडे ने कहा कि जिले में वास्तविक परिवर्तन लाने के लिए टीम भावना, समन्वय और सतत मॉनिटरिंग आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग समय-सीमा तय कर इंडिकेटर्स के अनुरूप कार्य करें और कमियों को दूर करने के लिए ठोस रणनीति बनाएं।

बैठक में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे और आगामी समीक्षा तक ठोस प्रगति सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिले के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित