दंतेवाड़ा , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं, बजट उपयोग, विकास कार्यों की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जयंत नाहटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, जल संसाधन, वन, लोक निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग को वर्ष 2025-26 में प्राप्त बजट, स्वीकृत कार्यों, व्यय की स्थिति और भौतिक उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में नए शैक्षणिक सत्र से पहले विद्यालय भवनों की स्थिति, जर्जर एवं भवनविहीन स्कूलों, आवश्यक मरम्मत कार्यों तथा विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। वन विभाग से तेंदूपत्ता संग्रहण, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा पूर्व वर्षों के बोनस वितरण की जानकारी ली गई। बैठक में आर्सेलर मित्तल कंपनी लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद से संचालित विकास कार्यों की भी समीक्षा की गयी।

श्री मुड़ामी ने कहा कि सीएसआर निधि का उपयोग स्थानीय जरूरतों और पंचायतों की प्राथमिकताओं के अनुरूप किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि कंपनियां पंचायतों की भागीदारी से विकास कार्यों का क्रियान्वयन करें, जिससे स्थानीय सहभागिता बढ़े और योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ जनहित के कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित