दंतेवाड़ा , मई 03 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बचेली को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।

यह प्रमाणन न केवल एक सम्मान है, बल्कि जिले में गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के प्रयासों की पुष्टि भी करता है। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि जिले में एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। अब तक 20 से अधिक स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतर चुके हैं, जबकि आगामी समय में 40 से अधिक केंद्रों को इस स्तर तक विकसित करने की योजना है।

इस उपलब्धि में नोडल अधिकारी प्रतीक सोनी, जिला गुणवत्ता सलाहकार अंकित सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूनिसेफ द्वारा तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर सभी संबंधित टीमों को बधाई देते हुए इसे जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित