वाराणसी , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार शाम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के होली मिलन समारोह में शामिल होने के लिए तुलसीपुर स्थित निवेदिता शिक्षा सदन पहुंचे।
उन्होंने कहा कि काशी देश की सांस्कृतिक राजधानी है और केंद्र में नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी खुशी तब होती है जब उत्तर प्रदेश में होली का त्योहार शांति के साथ मनाया जाए और कहीं कोई दंगा न हो। उन्होंने कहा, "जब प्रदेश में होली का त्योहार हो और दंगा न हो, हमारी होली यही है।"श्री मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है और न्याय पंचायतों से लेकर प्रदेश स्तर तक हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि कहीं कोई विवाद न हो, यही असली होली है।
उन्होंने 'वंदे मातरम' गीत का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके 150 वर्ष पूरे हो चुके हैं और यह गीत अब चारों दिशाओं में गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इसे लेकर शासनादेश जारी किया गया है और गजट में भी प्रकाशित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दंगामुक्त होली, राम मंदिर अयोध्या में रामलला के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम का विकास देश की बड़ी उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह रामलला के जन्मभूमि मामले में न्यायालय का फैसला आया और भव्य मंदिर बना, उसी तरह अन्य धार्मिक स्थलों के मुद्दे भी हल होंगे। उन्होंने मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि का भी उल्लेख किया।
श्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है और इसे और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ की शाखाएं और मिलन कार्यक्रम संगठन को विश्व का सबसे बड़ा संगठन बनाने की ताकत हैं। उन्होंने बताया कि संघ के स्वयंसेवक रहे श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश की राजनीति पर अमिट छाप छोड़ी, जबकि वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी संघ के स्वयंसेवक रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज काशी विश्व की सबसे सुंदर नगरी बनने की ओर अग्रसर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित