मथुरा , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के मुड़लिया गांव में रविवार देर शाम आयोजित दंगल मेले के दौरान एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मेले में अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मुड़लिया निवासी रमनी (पुत्र हरिचंद) के रूप में हुई है। हमलावरों ने रमनी पर बेहद करीब से निशाना साधते हुए सिर और छाती में करीब चार गोलियां दागीं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों के अनुसार वारदात के पीछे दो साल पुरानी रंजिश बताई जा रही है। रमनी का गांव के ही सतेंद्र (पुत्र जहान सिंह) के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रमनी करीब दो साल पहले सतेंद्र की पत्नी को अपने साथ ले गया था, जिसके दो छोटे बच्चे भी हैं। इसी रंजिश को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आज शाम मुड़लिया गांव में दंगल मेले का आयोजन चल रहा था और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी बीच वाजना मार्ग पर घात लगाए हमलावरों ने रमनी को घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। रमनी पिछले कुछ समय से अपने परिवार से अलग रह रहा था और पहले अपने भाई के साथ फौजी ढाबे पर काम करता था।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित