भदोही , अक्टूबर 06 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक दंगल के दौरान पहलवान को पटखनी देने वाला पुलिस उपनिरीक्षक की पहचान अंतर्राष्ट्रीय जस्तर के पहलवान के रुप में हुयी है। अखाड़े में उतरे कोइरौना थाने में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव खेल कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के कुश्ती खिलाड़ी बताए जा रहे हैं।
दरअसल, श्री यादव मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान वह कोइरौना थाना क्षेत्र के सोनइचा गांव में आयोजित दंगल मेले में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए पहुंचे थे। बताया गया है कि दंगल में एक पहलवान कुश्ती के लिए लोगों को चुनौती दे रहा था। चुनौती स्वीकार करते हुए श्री यादव ने वर्दी उतारी और अखाड़े में उतर गए। दोनों के बीच कुश्ती हुई, जिसमें श्री यादव ने पहलवान को पटखनी दे दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इस मुकाबले का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जांच में सामने आया कि श्री यादव मूल रूप से गाजीपुर जिले के बहादुरगंज के रहने वाले हैं, और करीब साढ़े 17 वर्ष की उम्र में खेल कोटे के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे।
श्री यादव के अनुसार, वह उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से कुश्ती प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं, और लगातार 16 वर्षों तक स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित वर्ल्ड पुलिस कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने की जानकारी दी। वह सब-जूनियर टीम के साथ लाहौर में भी कुश्ती लड़ चुके हैं, और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीत चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भी उनका चयन हुआ था, लेकिन टॉस के कारण वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सके।
उन्होंने करीब आठ वर्ष गोरखपुर में बिताए हैं और उन्हें 'गोरखपुर केसरी' के सम्मान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित कर चुके हैं। कुछ माह पहले भदोही के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भी जोनल पुलिस कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्हें सम्मानित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित