झुंझुनू , अप्रैल 17 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के बगड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गेहूं की फसल निकालते समय एक युवक की थ्रेसर मशीन की चपेट में आने से मौत गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास उर्फ कालू घर के पास ही के बास गांव में शुक्रवार सुबह गेहूं की फसल निकलवाने गया था। फसल निकालते समय संतुलन बिगड़ने से वह सिर की तरफ से गेहूं के साथ थ्रेसर मशीन के अंदर चला गया। जिससे उसके शरीर के टुकड़े हो गये। उसी समय वहां मौजूद लोगों ने दौड़कर मशीन को बंद कर दिया। तब तक युवक का आधा शरीर मशीन में अंदर फंस चुका था। शव के टुकड़े-टुकड़े हो चुके थे।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे पुलिस दल को शव निकालने में दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव बगड़ के सरकारी अस्पताल भिजवाया जो पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित