आगर-मालवा , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश में आगर-मालवा जिले के सुसनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटापालडा में गुरुवार को कृषि कार्य के दौरान थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका चतरबाई पति गोकुल सोंधिया निवासी ग्राम छोटापालडा अपने खेत पर कार्य कर रही थीं। इसी दौरान थ्रेशर मशीन पर काम करते समय वह अचानक उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल सक्रिय हुआ और मामले को संज्ञान में लिया। परिजन एवं ग्रामीण भी तत्काल मौके पर पहुंचे। महिला के शव को दोपहर लगभग 12 बजे सुसनेर स्थित शासकीय सिविल अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित