चेन्नई , अक्टूबर 28 -- तमिलनाडु के थेनी जिला जेल से तीन ड्यूटी वार्डन पर हमला कर फरार हुए सभी 17 कैदियों को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

तमिलनाडु कारागार विभाग ने बुधवार को यह घोषणा की।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि सोमवार रात दस बजे तीसरे ब्लॉक में एक कैदी को मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक कर कैदियों के फरार होने की घटना के तुरंत बाद 17 विशेष टीमों का गठन किया गया था।

ड्रोन सर्च ऑपरेशन सहित गहन तलाशी अभियानों के बाद, मंगलवार को इनमें से 13 कैदियों को पकड़ लिया गया था। इसके बाद बुधवार सुबह दो और कैदियों को फिर से गिरफ्तार किया गया, जबकि शाम को ड्रोन निगरानी के जरिए बचे हुए दो फरार कैदियों को भी ढूंढकर हिरासत में ले लिया गया। इसके साथ ही फरार हुए सभी 17 कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर जेल वापस ला दिया गया है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि कारागार एवं सुधार सेवा महानिदेशक संदीप राय राठौर के आदेश पर और थेनी सशस्त्र रिजर्व, विशेष पुलिस बल तथा थेनी जिला पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) के जवानों की 17 विशेष टीमों की मदद से सभी फरार कैदियों को पकड़ा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित