देहरादून/नैनीताल , मार्च 05 -- उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत खैरना गांव के पास एक ट्रेक्टर ट्राली की चपेट में आने से थारू जनजाति की प्रसिद्व लोक गायिका रिंकू राणा (33) की मृत्यु हो गई।
रिंकू अपनी भतीजी के साथ स्कूटी पर सवार थी और रास्ते में रुककर मोबाइल पर किसी से बात कर रही थीं। उनके असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौगजा, कल्याणपुर निवासी जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा पत्नी महेश राणा होली खेलने स्कूटी से अपने मायके गांव बिचपुरी खैरना गई थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर किसी से बात कर रही थी। गायिका रिंकू के साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी थी। तभी तेज गति से आ रहा ईंटों से ओवर लोड ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उनको टक्कर मार दी। दुर्घटना में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से भाग गया। आस-पास के लोगों ने घायल रिंकू राणा को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी भतीजी की हालत सामान्य है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी एवं ट्रैक्टर ट्रॉली अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि रिंकू का एक पुत्र है, जो चौथी कक्षा में पढ़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित