फिरोजाबाद , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना दक्षिण से महज 100 मीटर की दूरी पर घंटाघर स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार देर रात चोरों ने किराना दुकान से करीब साढ़े आठ लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना से आसपास के दुकानदारों में दहशत है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेस वाली गली, चंद्रवार गेट निवासी यतेंद्र कुमार गुप्ता की घंटाघर सब्जी मंडी में सौरिश एंड संस के नाम से किराना की दुकान है। मंगलवार रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। देर रात चोर दुकान के पीछे से छत पर पहुंचे और टीन शेड हटाकर अंदर दाखिल हो गए। चोर दुकान में रखी गुल्लक उठाकर उसी रास्ते से बाहर निकल गए और जाते समय टीन शेड को दोबारा लगा दिया।
बुधवार सुबह यतेंद्र कुमार के पुत्र सौरिश ने दुकान खोली तो गुल्लक गायब देखकर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में एक चोर मुंह ढककर दुकान में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
दुकानदार ने बताया कि गुल्लक में करीब साढ़े आठ लाख रुपये रखे थे। यह रकम पिछले दो-तीन दिनों की बिक्री और अलग-अलग स्थानों से आए तगादे की थी। पीड़ित के पुत्र ने थाना दक्षिण में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित