हनुमानगढ़ , सितम्बर 24 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाने से एक युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

सूत्रों ने बताया कि युवक तलाश की जा रही है। चौबीस घंटे बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस की हिरासत से फरार होने के आरोप में इस युवक के खिलाफ बुधवार देर रात मामला भी दर्ज कर लिया गया।

मामले की जांच कर रहे पुलिस उप निरीक्षक पृथ्वी सिंह नरुका ने गुरुवार को बताया कि नोहर के वार्ड नंबर 11 में सतीश वालिया के मकान में किराए पर रहने वाले गुरप्रीत सिंह को शहर में आवारागर्दी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसे बुधवार को दोपहर करीब एक बजे थाने के लॉकअप से बाहर निकाला गया था। उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के लिए ले जाना था। उस समय थाने में कई लोगों की आवाजाही हो रही थी। इसी दौरान गुरप्रीत सिंह थाने के संतरी को चकमा देकर फरार हो गया।

गुरप्रीत सिंह के थाने से निकल भागने का पुलिस कर्मियों को कुछ देर बाद पता चला। तब तक वह काफी दूर निकल चुका था। बाद में पुलिस ने शहर में काफी भाग दौड़ की, लेकिन उसका पता नहीं चला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित