मुरैना , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा कस्बे में आज पुलिस थाने का घेराव करने के दौरान पुलिस और करणी सेना के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का मुक्की ओर तीखी झड़प होने के बाद करणी सेना जिलाध्यक्ष सहित दो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जिलाध्यक्ष को हिरासत में लेने के बाद कार्यकर्ता और भड़क गए और थाने के सामने जाम लगा दिया। पुलिस ने जाम को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करते हुए उन्हें वहां से खदेड़ दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात पोरसा में दो आदतन अपराधियों में झगड़ा हुआ था और जब वे एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो पुलिस ने दोनों को ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार करणी सेना जिलाध्यक्ष विष्णु तोमर ने जब दोनों अपराधियों को छुड़ाने की सिफारिश की तो थाना प्रभारी ने उन्हें छोड़ने से इनकार कर दिया और इसी बात से क्षुब्ध होकर करणी सेना ने पुलिस थाने के सामने जाम लगाकर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात बाधित हुआ।

पुलिस ने करणी सेना के कार्यकर्ताओं के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और यातायात बाधित करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। कानून व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े इसलिए क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित