अलवर , मई 20 -- राजस्थान खैरथल तिजारा जिले के खुशखेड़ा थाने में जब्त वाहनों के कबाड़ में बुधवार को अचानक आग लगने से 50 से अधिक वाहन जलकर नष्ट हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही खुशखेड़ा रीको फायर स्टेशन और भिवाड़ी नगर परिषद से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। भीषण गर्मी को देखते हुए भिवाड़ी और खुशखेड़ा क्षेत्र की निजी कंपनियों की दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया। दमकल की कई गाड़ियां और पुलिसकर्मी आग पर काबू पाने के लगातार प्रयास करते रहे।
उन्होंने बताया कि जिस जगह जब्त वाहनों को रखा गया है, उसके ऊपर से एक उच्च क्षमता की बिजली की लाइन गुजर रही है। दोपहर में हवा चलने के कारण लाइन में स्पार्किंग हुई और चिंगारी नीचे वाहनों पर गिरी, जिससे आसपास खड़ी सूखी घास में आग लग गई। यह आग देखते ही देखते वाहनों में फैल गई। घटना में एक ट्रक का केबिन, तीन कारें और करीब 50 मोटर साइकिलें इसकी चपेट में आई हैं। पूरे मामले की जांच करके नुकसान का आकलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित