चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- थल सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को यहां पंजाब लोक भवन में राज्यपाल एवं केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। बैठक में नागरिक-सैन्य समन्वय, क्षेत्रीय सुरक्षा और पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान पश्चिमी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह, एवीएसएम, एसएम सहित सेना मुख्यालय के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। भारतीय सेना की कमान संभालने के बाद जनरल सेठ की राज्यपाल के साथ यह पहली मुलाकात थी। चंडीगढ़ के प्रशासक होने के कारण भी बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जनरल सेठ ने राज्यपाल कटारिया को राष्ट्र निर्माण में भारतीय सेना की प्रतिबद्धता से अवगत कराया। उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण को बढ़ावा देने वाली राज्य सरकार की नीतियों के लिए आभार जताया। उन्होंने आंतरिक सुरक्षा से जुड़े नवीनतम घटनाक्रम, सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं और पूर्व सैनिकों से संबंधित विषयों की जानकारी भी दी।
सलाहकार, नागरिक-सैन्य मामलों कर्नल जसदीप संधू ने कहा कि बैठक से क्षेत्र में नागरिक-सैन्य समन्वय और मजबूत हुआ है। इससे आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने सीमाओं पर शांति बनाए रखने तथा प्राकृतिक आपदाओं बाहरी खतरों और अन्य संकटों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपसी विश्वास और समन्वय को बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित