पौड़ी , जून 10 -- उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को अपने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण के दौरान थलीसैंण क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी।
उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, सड़क, खेल और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ रावत ने थलीसैंण क्षेत्र के उफरैंखाल स्थित राजकीय महाविद्यालय में 1.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान एवं सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने 1.09 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए चकरगांव-कल्याणखाल मोटर मार्ग के 1.25 किलोमीटर डामरीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा उफरैंखाल-घण्डियाल मोटर मार्ग से भेड़गांव मल्ला मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य की आधारशिला रखी।
कैबिनेट मंत्री ने ग्राम कलाण स्थित भैरव मंदिर परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण करते हुए कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज उफरैंखाल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, खेल और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित