मुंबई , जुलाई 15 -- दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जना नायगन' 23 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्देशक एच. विनोथ के निर्देशन में बनी और केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित 'जना नायगन' को विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। ऐसे में दुनियाभर में मौजूद उनके प्रशंसक उन्हें अंतिम बार बड़े पर्दे पर मुख्य भूमिका में देखने के लिए उत्साहित हैं।

निर्माता वेंकट के. नारायण ने रिलीज डेट की घोषणा करते हुए कहा कि सिनेमा में कुछ ही ऐसे अवसर आते हैं जो इतिहास का हिस्सा बन जाते हैं और 'जना नायगन' उन्हीं में से एक है। उन्होंने कहा कि थलपति विजय के साथ इस ऐतिहासिक सफर का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है।

नारायण ने कहा,सिनेमा से शुरू हुआ विजय का सफर लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बना और उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों को यादगार सिनेमाई अनुभव देगी।

रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही फिल्म को लेकर प्रशंसकों के बीच उत्साह बढ़ गया है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म और इसके प्रचार अभियान से जुड़ी अन्य जानकारियां आने वाले दिनों में साझा की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित