नयी दिल्ली , सितंबर 27 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने के मामले में मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।
निरीक्षण के दौरान मौजूद आप विधायक जरनैल सिंह ने आरोप लगाया कि सड़क की हालत देखने के बाद मंत्री का आपा खो गया और उन्होंने उस व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया जो घटना को रिकॉर्ड कर रहा था। श्री सिंह ने आरोप लगाया, "मुझे लगा था कि वे सड़क का निरीक्षण करेंगे, गुणवत्ता की जांच करेंगे और शायद पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने इसकी बजाय उस व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया जो घटना को रिकॉर्ड कर रहा था और मौके से चले गए।"साहिब सिंह नाम के युवक ने भी आरोप लगाया कि जब वह निरीक्षण की लाइव-स्ट्रीमिंग कर रहा था, तो श्री वर्मा ने उसका फोन छीन लिया और उसे थप्पड़ मार दिया। उसने संवाददाताओं को बताया, "चल रही लाइव-स्ट्रीम को रोकने के लिए प्रवेश वर्मा ने मेरे हाथ से फोन छीन लिया। मुझ पर हाथ उठाया और मुझे थप्पड़ मार दिया।" उसने यह भी कहा कि उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
आप विधायक जरनैल सिंह ने आरोप लगाया कि विकासपुरी थाना के एसएचओ मौके पर मौजूद थे और उन पर मंत्री को जाने देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप पर प्राथमिकी दर्ज करने और श्री वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए श्री वर्मा पर सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया और कहा कि घटना की जांच होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित