मुरादाबाद , जनवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में स्थित त्रिशूल भारतीय संग्रहालय के समयबद्ध पूरा होने तक नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने रक्षामंत्री से दिल्ली में औपचारिक मुलाकात के समय एक अनूठा व्यक्तिगत संकल्प लिया है कि वह संग्रहालय के उद्घाटन से पहले दाढ़ी नहीं बनाएंगे।

संग्रहालय के उद्घाटन का औपचारिक निमंत्रण दिल्ली आवास पर सौंपने के दौरान इस समर्पण और आत्म-अनुशासन की बात सुनकर रक्षा मंत्री कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए, फिर उन्होंने खुले मन से इसकी सराहना की और कहा कि जब अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति इतना गहरा लगाव और अनुशासन दिखाते हैं, तो ऐसे प्रोजेक्ट मात्र निर्माण कार्य नहीं रहते, बल्कि वे प्रेरणा और राष्ट्रगौरव का जीवंत प्रतीक बन जाते हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि यह वाक्या सोमवार को नई दिल्ली में एक प्रेरणादायक और भावुक मुलाकात का उस वक्त का है जब मुरादाबाद नगर निगम के उच्चाधिकारियों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की थी। प्रतिनिधिमंडल में मुरादाबाद के मेयर, विनोद अग्रवाल,मंडलायुक्त आंजनेय सिंह और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल (आईएएस) शामिल थे।

रक्षामंत्री से मुलाकात के दौरान उच्चाधिकारियों का प्रतिनिधित्व मंडलायुक्त ने किया।

रक्षा मंत्री को महानगर में विकसित किए जा रहे 'त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय' के शीघ्र उद्घाटन के लिए औपचारिक निमंत्रण सौंपा गया था। निर्माणाधीन संग्रहालय मुरादाबाद बुद्धि विहार क्षेत्र में है, जो भारतीय सेना की शौर्यगाथाओं, बलिदान और राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रदर्शित करेगा। इसमें मिग-27 जैसे विमान, आईएनएस विक्रांत से संबंधित सामग्री और अन्य महत्वपूर्ण सैन्य उपकरणों को सेना के प्रोटोकॉल के अनुसार स्थापित यहां किया जा रहा है। बताया कि परियोजना लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है और यह युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने के साथ मुरादाबाद को एक नए सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित