ऋषिकेश , अक्टूबर, 30 -- त्तराखंड में तीर्थनगरी ऋषिकेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के प्रमुख केंद्र त्रिवेणी घाट को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम महापौर शम्भू पासवान ने विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के अभियंताओं के साथ घाट पर चल रहे नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को दीपावली से पहले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने परियोजना का ब्लूप्रिंट और 3डी लेआउट देखकर निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं व्यावहारिक स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि घाट के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और भविष्य में भू-कटाव की समस्या से बचाव के लिए 8.5 मीटर ऊंची रिटेनिंग वॉल, एक मीटर मोटी राफ्ट और पीसीसी फाउंडेशन का निर्माण किया जा रहा है।

परियोजना के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश द्वार, सीढ़ियां और रैंप भी बनाए जाएंगे। इससे बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को घाट तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय ब्लॉक बनाए जाने के साथ परिसर में लैंडस्केपिंग एवं पौधारोपण के लिए ग्रीन जोन विकसित किए जा रहे हैं।

महापौर शम्भू पासवान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही आगामी कुंभ मेले में होने वाले विभिन्न स्नानों से पहले श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े अधिकांश कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी कार्य स्वीकृत डिजाइन एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही होने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित