नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- इंडिया गठबंधन की आगामी एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली से पहले कांग्रेस नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली के त्रिलोकपुरी में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
श्री गांधी ने इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में योगेंद्र यादव और दीपांकर भट्टाचार्य भी मौजूद रहे।
इस मौके पर श्री गांधी ने कहा कि वोट देना हर भारतीय नागरिक का अधिकार है, लेकिन आज करोड़ों लोगों से उनका यह अधिकार छीना जा रहा है।कांग्रेस लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रही है, लेकिन अब पूरा देश समझ रहा है कि कथित तौर पर शीर्ष स्तर से 'वोट चोरी' की जा रही है और गरीबों के नाम मतदाता सूची से हटाये जा रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि वह केवल अमीरों का हिंदुस्तान बनाने पर तुले हैं। उन्होंने दावा किया कि बैठक में सामने आया कि चार मतदान केंद्रों से 416 मतदाताओं के नाम कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से हटाये गये हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब भी उनसे इस संबंध में सवाल पूछे जाते हैं, तो कोई जवाब नहीं मिलता। उन्होंने जोर दिया कि जब तक इस मुद्दे पर न्याय नहीं मिलता, विपक्ष एकजुट होकर आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने मतदाता सूची से कथित तौर पर फर्जी तरीके से नाम काटे जाने को देशद्रोह करार देते हुए कहा कि विपक्ष मिलकर इस अन्याय के खिलाफ संघर्ष करेगा और जनता के मताधिकार की रक्षा करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित