नयी दिल्ली , दिसम्बर 09 -- केंद्र सरकार ने त्रिपुरा की 30 विशेष रूप से निर्बल जनजातीय समूह की बस्तियों को ढांचागत व्यवस्था से जोड़ने के लिए 25 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय ने पीएम-जनमन सड़क संपर्क घटक के अंतर्गत राज्य में 68.67 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 65.38 किलोमीटर लंबी इन 25 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बड़ा बदलाव आयेगा, जनजातीय समूहों के विकास और समृद्धि में योगदान मिलेगा तथा समावेशी विकास की सरकार की प्रतिबद्धता सुदृढ़ होगी।
सरकार का मानना है कि इस मंजूरी से त्रिपुरा की 30 जनजातीय बस्तियों को पूरे वर्ष सड़क संपर्क प्रदान होने के साथ ही समूहों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति सुधरेगी, ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क बढ़ेगा, सुदूरवर्ती गांवों और शहरों के बीच विषमता कम होगी तथा क्षेत्र में आर्थिक विकास, व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रोत्साहित होगी तथा समृद्ध पूर्वोत्तर और विकसित भारत के विजन को साकार में करने में त्रिपुरा अपनी भूमिका निभाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित