नयी दिल्ली , जून 24 -- केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के तहत वित्त वर्ष 2026-27 के बैच-1 में त्रिपुरा राज्य के लिए 163.872 किलोमीटर लंबाई की 96 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए 211.71 करोड़ रुपये मंजूर किये हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य की 96 बसावटों को पहली बार बारहमासी सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को स्कूलों, स्वास्थ्य सुविधाओं और ग्रामीण बाजारों तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी, जिससे उनके सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
बारहमासी सड़क संपर्क उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा तथा राज्य में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया जा सकेगा। ये परियोजनाएं विकसित भारत के निर्माण के सरकार के संकल्प को भी आगे बढ़ाने में सहायक होंगी।
इन नयी स्वीकृतियों के अतिरिक्त, अब तक पीएमजीएसवाई के तहत त्रिपुरा राज्य में 6,284 किलोमीटर लंबाई की 1,594 सड़क परियोजनाओं तथा 66 पुलों को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनकी कुल लागत 4,479 करोड़ रुपये है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित