अगरतला , अगस्त 14 -- त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में आयोजित राज्य के किसान के जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी में विदेशों से आए खरीदारों ने काफी रूचि दिखाई जिससे आशा की जा रही है कि यहां के किसानों को वैश्विक बाजारों से जुड़ने में मदद मिलेगी और उनकी आमदनी में इजाफा हो सकता है।

इस प्रदर्शनी का आयोजन यहां कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने स्थानीय एजेंसियों की मदद से किया। यह जानकारी शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गयी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के जैविक खेती करने वाले किसानों , किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), निर्यातकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को नए कारोबारी मौकों का पता लगाने और बाजार तक पहुंच बनाने के लिए मंच प्रदान करना था।

इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, जर्मनी, इटली, ग्रीस और अर्जेंटीना जैसे देशों के 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 27 निर्यातक, 22 एफपीओ का प्रतिनिधित्व करने वाले 96 किसान और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल थे। इस भागीदारी के कारण किसानों, और उनके संगठनों ने बाजार की जरूरतों और व्यापारिक संबंधों को गहराई से समझा।

प्रदर्शनी में त्रिपुरा के प्रसिद्ध क्वीन अनानास, जीआई-टैग प्राप्त कालीखासा चावल, जैविक अदरक और हल्दी, काले तिल, कटहल, सुगंधित नींबू और अन्य ताजा एवं विदेशी जैविक उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन स्टालों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को त्रिपुरा की अनूठे कृषि उत्पादों को करीब से देखने, उत्पादकों से सीधे जुड़ने और संभावित सोर्सिंग पर चर्चा करने का अवसर मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित